![]()
वन नेशन, वन इलेक्शन को लेकर गठित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) 2 दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच गई है। समिति विभिन्न हितधारकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों से सुझाव लेकर चुनावी सुधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। रविवार की शाम को समिति के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी ने कहा कि अब तक 9 राज्यों का दौरा किया जा चुका है और हर सुझाव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। 39 सांसदों वाली समिति दो दिन करेगी मंथन ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) रविवार को लखनऊ पहुंची। समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद पी.पी. चौधरी के नेतृत्व में 39 सांसदों की टीम अगले दो दिनों तक विभिन्न पक्षों से चर्चा करेगी। समिति का उद्देश्य प्रस्तावित चुनावी सुधार पर सभी हितधारकों की राय जानना और उसे अपनी रिपोर्ट में शामिल करना है। पी.पी. चौधरी बोले- यह बड़ा चुनावी सुधार, सभी सुझावों पर होगा विचार लखनऊ पहुंचने पर समिति के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी ने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ देश के लिए एक बड़ा चुनावी सुधार है। इसी उद्देश्य से समिति राज्यों का दौरा कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक नौ राज्यों में विभिन्न संगठनों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों से चर्चा की जा चुकी है। सभी सुझावों का अध्ययन करने के बाद समिति अपनी अंतिम रिपोर्ट संसद के समक्ष पेश करेगी। शिवसेना (UBT) सांसद बोले- सभी पक्षों की राय रिपोर्ट का हिस्सा बनेगी समिति के सदस्य और शिवसेना (यूबीटी) सांसद अनिल देसाई ने कहा कि बैठक में गवाहों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के विचार सुने जाएंगे। समिति के सदस्य भी इस अवधारणा के फायदे और प्रभाव पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि देशहित में इस व्यवस्था के संभावित प्रभावों को समझने के बाद सभी सुझावों को समिति की रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। सरकार और विधानसभा से भी करेगी चर्चा दो दिवसीय प्रवास के दौरान समिति उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेगी। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष और अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। समिति का उद्देश्य प्रस्तावित व्यवस्था के प्रशासनिक, संवैधानिक और व्यावहारिक पहलुओं पर व्यापक राय जुटाना है, ताकि अंतिम रिपोर्ट सभी पक्षों के सुझावों के आधार पर तैयार की जा सके।
Source link
लखनऊ में वन नेशन, वन इलेक्शन पर होगा मंथन:JPC 2 दिन तक लेगी सुझाव, 9 राज्यों का दौरा पूरा; 39 सांसद रहेंगे मौजूद