![]()
लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में शनिवार देर रात शादी के महज तीन माह बाद एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी जब उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो युवक दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंसार नगर निवासी 26 वर्षीय आदिल ऑटो चालक था। उसके बड़े भाई अकील ने बताया कि आदिल की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। कुछ दिनों पहले उसने काम छोड़ दिया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। शनिवार देर शाम आदिल घर लौटा और अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी हसीन जहां किसी काम से बाहर निकली। इसी दौरान आदिल ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। रात में जब पत्नी उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पत्नी ने इसकी जानकारी सास और जेठ को दी। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो आदिल कमरे में लोहे के पाइप से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तुरंत पास के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सआदतगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में युवक के काम छोड़ने के बाद तनाव में रहने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Source link
लखनऊ में युवक ने फांसी लगाकर दी जान:खाना खाने बुलाने गई पत्नी ने देखा, तीन महीने पहले हुई थी शादी