लखनऊ में मार्बल कारोबारी की संदिग्ध हालत में मौत:फ्लैट में फंदे से लटके मिले, परिवार ने की जांच की मांग


लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में बृहस्पतिवार शाम एक मार्बल कारोबारी का शव संदिग्ध हालात में फ्लैट के अंदर पंखे से
लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या मानकर मामले की जांच कर रही है। मुसाहिबगंज निवासी मो. इमरान (42) का ठाकुरगंज के घास मंडी में मकराना मार्बल के नाम से शोरूम है। परिवार ने बताया बृहस्पतिवार सुबह वह शोरूम के लिए निकले थे लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। बेटे मोहम्मद हुजैल ने बताया कि पिता का मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा था। जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। शाम करीब पांच बजे संदेह होने पर हुजैल जनरैलगंज स्थित दूसरे फ्लैट पहुंचे। वहां मेन गेट खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो उनके पिता का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। हाथ बंधा था और मुंह पर टेप लगा था। यह देख उनकी चीख निकल गई। उन्होंने तुरंत पुलिस और अपनी मां को सूचना दी। सूचना पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने मौके की जांच की लेकिन फ्लैट से कोई सुसाइड नोट या संघर्ष के संकेत नहीं मिले। इंस्पेक्टर ओमवीर चौहान ने बताया कि बेटे और पत्नी से पूछताछ में भी आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कारोबारी की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मुंह पर टेप और हाथ बंधे होने की पुष्टि पीएम रिपोर्ट के बाद होगी क्योंकि पुलिस के पहुंचने पर शव उतारा जा चुका था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *