लखनऊ में दो अलग-अलग मामलों में हत्या के प्रयास की:एफआईआर, पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश में हमला


लखनऊ में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास के मामले सामने आए हैं। एक मामले में ठाकुरगंज में कुत्ते के बच्चे को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जबकि निगोहां में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर रॉड और सरिये से हमला करने का आरोप लगाया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुत्ते के बच्चे को लेकर विवाद, दुपट्टे से गला कसने का आरोप ठाकुरगंज के बरौरा हुसैनबाड़ी निवासी लल्ली मिश्रा ने अपनी जेठानी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक, उनकी जेठानी सुभाषिनी ने कुत्ते का बच्चा पाल रखा है, जो अक्सर उनके घर के गेट के सामने गंदगी कर देता था। आरोप है कि 6 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे जब उन्होंने कुत्ते को बांधकर रखने की बात कही तो सुभाषिनी गाली-गलौज करने लगी। इसके बाद उसका बेटा सत्यम, पति सत्येंद्र, ससुर रामआसरे और सास सुमन भी मौके पर पहुंच गए और बाल पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। पारिवारिक मामला होने के कारण उन्होंने उस समय पुलिस से शिकायत नहीं की। पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे फिर जानबूझकर कुत्ते को उनके गेट के सामने छोड़ दिया गया। शिकायत करने पर सभी आरोपियों ने दोबारा मारपीट की और दुपट्टे से गला कसकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी। मारपीट में उन्हें चोटें आईं। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमबीर चौहान ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुरानी रंजिश में युवक पर रॉड-सरिये से हमला दूसरा मामला निगोहां थाना क्षेत्र का है। गौसनगर निवासी अवधेश कुमार ने गांव के ही सरवन कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अवधेश के अनुसार, उनकी सरवन कुमार से पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि कुछ दिन पहले शाम करीब सात बजे वह घर लौट रहे थे। तभी घर के पास पहले से घात लगाए बैठे सरवन, अनिल कुमार, राजाराम लोधी और करन ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने रॉड और सरिये से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *