लखनऊ में कोर्ट ने मोहम्मद उमर और फैजान की कस्टडी:सेना के प्रतिष्ठानों की तस्वीरें और पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा


आईएसआई और पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर नेटवर्क से कथित संबंधों के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों मोहम्मद उमर और फैजान को एटीएस की पांच दिन की कस्टडी रिमांड पर भेज दिया गया है। अदालत के आदेश के अनुसार दोनों आरोपी 7 जुलाई सुबह 11 बजे से 12 जुलाई शाम 6 बजे तक एटीएस की कस्टडी में रहेंगे।
दोनों आरोपी बुलंदशहर के अकबरपुर क्षेत्र के निवासी हैं। उत्तर प्रदेश एटीएस ने उन्हें 17 जून को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से पाकिस्तान के गैंगस्टर आबिद जट की पोस्टर साइज फोटो बरामद हुई थी, जिस पर “Pakistan Don Abid Jatt” लिखा था।
एटीएस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर आबिद जट, शहजाद भट्टी, बरकाती और राणा हुसैन से व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से संपर्क होने के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि आरोपी विभिन्न शहरों में पाकिस्तानी गैंगस्टरों के पोस्टर लगाकर भय और आतंक का माहौल बनाने की साजिश रच रहे थे। इसके अलावा दोनों ने सेना से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों और एयरपोर्ट परिसरों के वीडियो भी बनाए थे।
एटीएस के मुताबिक मोहम्मद उमर के मोबाइल फोन से लखनऊ के दिलकुशा कैंट क्षेत्र का गूगल मैप स्क्रीनशॉट तथा कमांड हॉस्पिटल की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। एजेंसी का कहना है कि कस्टडी रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से नेटवर्क, संपर्कों और संभावित साजिश के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *