![]()
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने गुरुवार को शहर के प्रमुख नालों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई, निकाली गई सिल्ट के त्वरित निस्तारण तथा बरसात से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। हैदर कैनाल की निकासी व्यवस्था और अंडरग्राउंड सफाई का किया निरीक्षण नगर आयुक्त ने सबसे पहले 1090 चौराहे पर हैदर कैनाल की निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने 5 केडी स्थित पुलिया की अंडरग्राउंड सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में सदर रामलीला ग्राउंड के पास उदयगंज पुल के नीचे हैदर कैनाल नाले की सफाई व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। किला मोहम्मदी ड्रेन के बाहर मिली सिल्ट, तत्काल उठान के दिए निर्देश इसके उपरांत नगर आयुक्त जोन-8 स्थित किला मोहम्मदी ड्रेन पहुंचे, जहां उन्होंने खजाना कॉम्प्लेक्स से नाले की सफाई कार्यों का निरीक्षण शुरू किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निकाली गई सिल्ट पड़ी मिली, जिस पर उन्होंने चीफ इंजीनियर आरआर मनोज प्रभात को सिल्ट का तत्काल उठान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निवासियों से सीधे संवाद कर जानीं समस्याएं निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार अहाना एंक्लेव भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नगर आयुक्त स्वयं कई फ्लैटों में पहुंचे और वहां रह रहे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। निवासियों ने गार्डन एवं पार्कों में प्रकाश व्यवस्था बहाल करने, पार्कों में अतिरिक्त लाइटें लगाने, लिफ्ट मेंटेनेंस, वाटर टैंक की नियमित सफाई तथा फायर सिस्टम की मॉक ड्रिल कराने की मांग रखी। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा को पार्कों एवं गार्डन में आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक बुलाने, गैस पाइपलाइन और बायोमैट्रिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि उनकी अध्यक्षता में अहाना एंक्लेव से जुड़े सभी हितधारकों के साथ बैठक आयोजित कर लंबित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही एंक्लेव में कार्यरत सभी कर्मियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश अपर नगर आयुक्त एवं जोन-8 के जोनल अधिकारी को दिए। निर्माणाधीन एक्टिविटी सेंटर 15 दिन में पूरा करने के निर्देश अहाना एंक्लेव के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन एक्टिविटी सेंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक्टिविटी सेंटर के शेष कार्यों को अगले 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर इसे उपयोग के लिए तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके बाद नगर आयुक्त ने जोन-8 के आशियाना क्षेत्र में स्थित विभिन्न सिविल के नालों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर सफाई के बाद भी सिल्ट पड़ी मिलने पर उन्होंने तत्काल उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आशियाना गुरुद्वारा के सामने बने नाले की पुनः सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए। मल्टी एक्टिविटी सेंटर और क्षतिग्रस्त पुलिया का लिया संज्ञान निरीक्षण के दौरान मल्टी एक्टिविटी सेंटर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश जोनल सेनेटरी अधिकारी को दिए गए। वहीं निकट स्थित एक क्षतिग्रस्त पुलिया का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता को उसका मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने हैवतमऊ झील के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने चीफ इंजीनियर सिविल को झील के फिनिशिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए।
Source link
लखनऊ नगर आयुक्त ने बड़े नालों का किया निरीक्षण:सफाई कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, विकास कार्यों को समय पर करना होगा पूरा