रोडवेज बस में बिगड़ी तबीयत,कश्मीर से लौटे युवक की मौत:आगरा में कागारौल के पास हुई घटना ; अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत


आगरा-जगनेर मार्ग पर शनिवार देर शाम एक रोडवेज बस में सफर कर रहे 34 वर्षीय युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे खेरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जगनेर थाना क्षेत्र के नगला पलटू, चंदसौरा निवासी ओमवीर सिंह (34) पुत्र केशराम के रूप में हुई है। बताया गया है कि ओमवीर पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थे और श्रीनगर (कश्मीर) से अपने गांव लौट रहे थे। आगरा पहुंचने के बाद वह जगनेर जाने वाली रोडवेज बस में सवार हुए थे। बस परिचालक वीरेंद्र सिंह के अनुसार, कागारौल क्षेत्र के पास ओमवीर को अचानक घबराहट होने लगी। बस में मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद उन्हें पानी पिलाया गया और हाथ-पैर दबाकर राहत देने का प्रयास किया गया। हालांकि, उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ देर बाद वह अचेत हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस को तत्काल दूधाधारी चौकी पर रोका गया। वहां पुलिस की मदद से ओमवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरागढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी खेरागढ़ हरीश कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। ओमवीर सिंह श्रीनगर में टाइल्स मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मालती, पांच वर्षीय पुत्र शिव, चार वर्षीय पुत्र भानु और दो वर्षीय पुत्री गौरी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *