![]()
मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। गुरुवार देर शाम साढ़े 7 बजे इब्राहिमाबाद गांव के पास नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने ठेले पर जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान देवरिया जनपद के रुद्रपुर निवासी 30 वर्षीय पिंटू सोनकर पुत्र काशी सोनकर के रूप में हुई है। पिंटू दोहरीघाट कस्बे में अपने ननिहाल में रहकर फल बेचने का काम करता था। गुरुवार को वह गोंठा बाजार में आम बेचकर अपने ठेले से घर लौट रहा था। पिंटू के साथ फल बेचकर लौट रहे गोलू सोनकर ने बताया कि वे दोनों इब्राहिमाबाद गांव के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने उनके ठेले को तेज रफ्तार से टक्कर मार दी और फरार हो गई। गोलू के अनुसार, टक्कर लगते ही पिंटू सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि युवक की मौत मौके पर ही हो गई थी। बस को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही बस को पकड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत:आम बेचकर घर जा रहा था, सिर में गंभीर चोट लगी थी