![]()
संभल में राष्ट्रीय परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री व सांसद डीपी यादव ने गुन्नौर विधानसभा सीट से अपनी पार्टी के पहले उम्मीदवार की घोषणा की है। उन्होंने गगन यादव को प्रत्याशी बनाया है। यह घोषणा शनिवार शाम 7 बजे डीपी यादव के गांव धनारी स्थित फार्म हाउस पर आयोजित एक सभा में की गई। जनपद संभल की गुन्नौर तहसील के धनारी गांव स्थित फार्म हाउस पर 1000 लोगों की जनसभा बुलाई गई थी। कार्यक्रम शाम 4 बजे रागिनी के साथ शुरू हुआ, जिसमें डीपी यादव शाम 6 बजे पहुंचे। उन्होंने गगन यादव को एक मेहनती किसान-मजदूर और युवा बताया, जो युवाओं की बेरोजगारी दूर कर परिवार को खुशहाल बनाना चाहते हैं। डीपी यादव ने 100 प्रतिशत ईमानदारी से राजनीति करने का वादा किया और 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। इस दौरान ‘इन लुटेरों को भगाओ और गगन को जिताओ’ का नारा भी दिया गया। उन्होंने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विरोधियों ने लोगों को परेशान किया, उन पर मुकदमे दर्ज कराए और उन्हें जेल भिजवाया। उन्होंने भाईचारा खत्म करने, जमीन और पैसे छीनने के साथ-साथ लोगों को जेल में बंद करने या पुलिस से पिटवाने का भी आरोप लगाया। डीपी यादव ने अपनी पार्टी के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मकसद केवल चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि आसपास की विधानसभाओं से गरीबी दूर करना और गरीब व मजदूर वर्ग को सशक्त बनाना है। उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ाने को अपनी जिम्मेदारी बताया। पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी बेईमानी की राजनीति नहीं की, बल्कि हमेशा ईमानदारी से काम किया और गरीबों का साथ दिया। उन्होंने गरीबों के आंसू पोंछने और उनके पसीने का सम्मान करने का दावा किया। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के संबंध में उनकी अन्य बड़ी पार्टियों से भी बातचीत चल रही है। संभल की असमोली सीट से अपनी दावेदारी के संबंध में डीपी यादव ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ अन्य पार्टियों से बातचीत जारी है, जिसके बाद ही चुनाव लड़ने के स्थान पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। गंगा के पवित्र किनारे पर स्थित सारे क्षेत्र को बेहतर बनाने का आह्वान किया। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कासगंज, बदायूं, संभल और मुरादाबाद सहित पूरे क्षेत्र में अच्छे नौजवानों को उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही। डीपी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी अन्य दलों के साथ गठबंधन कर सकती है। दूसरी पार्टियों के साथ सामंजस्य स्थापित होने पर इसकी घोषणा की जाएगी और किस विचारधारा के साथ वे जुड़ेंगे, इसकी जानकारी भी दी जाएगी।
Source link
राष्ट्रीय परिवर्तन दल ने गुन्नौर से गगन को बनाया प्रत्याशी:पूर्व मंत्री डीपी यादव खुद भी चुनाव लड़ेंगे, लुटेरों को भगाओ गगन को ज़िताओ का नारा दिया