रावतपुर-देवकी चौराहे तक 3 दिन में गड्ढे भरने का अल्टीमेटम:40 लाख से बनेगी सीसी रोड, नगर आयुक्त बोले- पहले गड्ढे भरो, फिर बनेगी सड़क


कानपुर में रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती होते हुए देवकी चौराहे तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार को सड़क का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को तीन दिन के अंदर गड्ढों में पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। जल निगम के पाइप डालने के काम और बरसात के बाद सड़क की हालत खराब होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस सड़क पर सीसी रोड बनाने के लिए करीब 40 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा है। हालांकि, स्थायी निर्माण में समय लग सकता है। ऐसे में नगर आयुक्त ने मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। जल निगम के काम के बाद सड़क पर बने गड्ढे नगर आयुक्त ने जोन-6 के अंतर्गत रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती होते हुए देवकी चौराहे तक सड़क की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती तक सड़क पर कई बड़े गड्ढे मिले। वहीं, रेव मोती से देवकी चौराहे की ओर जल निगम की ओर से पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर सड़क की मरम्मत अधूरी मिली। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधीक्षण अभियंता प्रवीन यादव ने बताया कि देवकी से रेव मोती तक पाइपलाइन डालने के बाद सड़क का रेस्टोरेशन कराया गया था, लेकिन बारिश के कारण दोबारा गड्ढे हो गए। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व में है। मेट्रो से इंटरकनेक्शन के बाद पूरा होगा काम रेव मोती के सामने पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन किया जाना है। जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी बाग क्षेत्र में मेट्रो की ओर से पाइप कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद ही यह कार्य आगे बढ़ सकेगा। इसमें देरी होने की आशंका है। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मेट्रो के अफसरों को कंपनी बाग में लंबित काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद ही रेव मोती के सामने पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन पूरा कराया जा सकेगा। 40 लाख से बनेगी सीसी रोड नगर आयुक्त को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल निगम के काम के कारण सड़क पर गड्ढे होने के बाद टीम ने सर्वे किया था। इसके आधार पर सड़क को सीसी रोड के रूप में बनाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए करीब 40 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। नगर आयुक्त ने कहा कि सीसी रोड निर्माण में अभी समय लगेगा। इसलिए रावतपुर क्रॉसिंग से रेव मोती होते हुए देवकी चौराहे तक जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां तीन दिन के भीतर पैचवर्क कराया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को तत्काल राहत मिल सके। रेव मोती के बाहर से हटेगा अतिक्रमण निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रेव मोती के बाहर सड़क किनारे लगे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश जोनल अभियंता को दिए। साथ ही रेव मोती प्रबंधन को परिसर की बाउंड्रीवाल के बाहर नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई ग्रीन बेल्ट को विकसित करने और उसका सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। इससे सड़क किनारे का क्षेत्र व्यवस्थित होने के साथ हरियाली भी बढ़ेगी। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधीक्षण अभियंता प्रवीन यादव, रेव मोती के महाप्रबंधक मोहम्मद फैसल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *