![]()
रायबरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सिपाही शिवपूजन ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली एक महिला यात्री की जान बचा ली। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद रायबरेली जंक्शन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक महिला यात्री, जो प्लेटफॉर्म पर खाने-पीने का सामान लेने उतरी थी, ट्रेन चलने पर घबराकर हाथ में सामान लिए दौड़ते हुए चलती ट्रेन में चढ़ने लगी। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी सिपाही शिवपूजन ने महिला को तेजी से ट्रेन की ओर भागते देखा तो संभावित खतरे को भांपते हुए तत्काल उसके पीछे दौड़ पड़े। जैसे ही महिला ने चलती ट्रेन के पायदान पर पैर रखा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलने लगी। महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरती, इससे पहले ही सिपाही शिवपूजन ने उसे पीछे से मजबूती से पकड़ लिया और सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रुकने पर जीआरपी कर्मियों और अन्य यात्रियों की मदद से महिला को सुरक्षित ट्रेन में बैठाया गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सिपाही शिवपूजन की तत्परता, साहस और सूझबूझ की जमकर सराहना की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने भी उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे कर्तव्यनिष्ठा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
Source link
रायबरेली जंक्शन पर चलती जनता एक्सप्रेस ट्रेन में फिसली महिला:जीआरपी सिपाही ने दौड़कर बचाई जान, घटना CCTV में कैद