![]()
रामपुर के स्वार कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात पति ने सिलबट्टे से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के सिर पर कई वार किए। इसके बाद पांच वर्षीय बेटे रुद्र और दो वर्षीय बेटी गीतिका को मृत मां के साथ कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने ताला तोड़कर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। मृतका की पहचान रीना सैनी (30) के रूप में हुई है। उसका विवाह 30 नवंबर 2021 को धर्मेंद्र से हुआ था। रीना के भाई शुभम सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात करीब साढ़े सात बजे गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर बहन और बहनोई के बीच विवाद होने की जानकारी दी थी। परिवार के साथ मौके पर पहुंचने पर घर के मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। अंदर कमरे में रीना खून से लथपथ मृत पड़ी थी। गांव के व्यक्ति से कहा- पत्नी को मार दिया पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी धर्मेंद्र गांव के एक व्यक्ति से यह कहकर निकला कि उसने पत्नी को मार दिया है और जाकर देख लेना। उस व्यक्ति ने ग्राम प्रधान पति तेजपाल सिंह को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घर की खिड़की से बच्चे रुद्र को देखा। ताला तोड़कर दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया।
बच्चे ने बाहर आकर बताया- पापा ने मम्मी को मारा कमरे से बाहर आने के बाद पांच वर्षीय रुद्र ने परिजनों को बताया कि पापा ने मम्मी को मारा है। इसके बाद घटना की जानकारी स्पष्ट हुई। रीना के सिर पर चोट के निशान मिले। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ केस दर्ज रीना के भाई शुभम सैनी ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र ने सिलबट्टे के बट्टे से सिर पर कई बार वार कर उसकी बहन की हत्या की। तहरीर में बताया गया कि घटना के बाद से धर्मेंद्र फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे शव के पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू होगी। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ हत्या के कारणों की भी जांच कर रही है।
Source link
रामपुर में सिलबट्टे से कूचकर पत्नी की हत्या:सिर पर किए ताबड़तोड़ वार, बच्चों को शव के साथ कमरे में बंद कर भागा पति