![]()
रामपुर में इस बार मानसून पिछले साल के मुकाबले अधिक मेहरबान रहा है। जुलाई महीने में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई, जिससे जिले में पर्याप्त नमी बनी हुई है। गुरुवार दोपहर भी मौसम ने करवट ली और घने काले बादलों के बीच झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि जुलाई 2026 में जिले में कुल 236.57 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह आंकड़ा जुलाई 2025 में रिकॉर्ड की गई 185.15 मिलीमीटर बारिश से लगभग 51 मिलीमीटर अधिक है। उन्होंने पुष्टि की कि गुरुवार को भी जिले में अच्छी बारिश हुई है। यह बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रही है। विशेष रूप से धान और गन्ने की फसल को इसका सीधा फायदा मिलेगा। इसके अतिरिक्त, पशुओं के लिए बोए गए हरे चारे की फसल के लिए भी यह वर्षा वरदान है। किसानों को अब डीजल पंपसेट चलाकर सिंचाई करने की आवश्यकता कम हो गई है, जिससे उनकी लागत में कमी आएगी। गुरुवार दोपहर शुरू हुई बारिश के बाद शहर की सड़कों पर भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि तेज धूप और उमस के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो रहा था, लेकिन बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है और यात्रियों को भी सफर में आराम मिल रहा है। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के साथ-साथ आमजन के चेहरों पर भी खुशी है। कृषि विभाग का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह संतुलित बारिश होती रही तो कृषि क्षेत्र को बड़ा फायदा होगा।
Source link
रामपुर में जुलाई में रिकॉर्ड बारिश:धान-गन्ने की फसल को संजीवनी, झमाझम बारिश से गर्मी से राहत