जालौन में सर्पदंश से 17 वर्षीय किशोर की मौत:कच्चे मकान में सोते समय सांप ने काटा, अस्पताल ले जाते दम तोड़ा


जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के सींगपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर की सर्पदंश से मौत हो गई। किशोर को सांप ने उस समय काटा जब वह अपने घर में चारपाई पर सो रहा था। अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक सुभाष उर्फ अंशु (17 वर्ष), पुत्र चंदन सिंह, सुबह अपने कच्चे मकान के कमरे में चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी होते ही वे तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच रवाना हुए। मृतक के चाचा के पुत्र पर्वत सिंह ने बताया कि अंशु की हालत लगातार गंभीर होती गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। सीएचसी कोंच पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में जहरीले सांपों के खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है। सीएचसी कोंच के डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि किशोर को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं, बल्कि मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय रहते उचित इलाज मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *