![]()
रामपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार रात बिजली गुल होने के बाद एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में बिजली न होने के कारण मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में एक घायल किशोर के पैर में टांके लगाए जा रहे हैं। इस घटना ने अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे की है, जब जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आरोप है कि बिजली जाने के बाद न तो जनरेटर समय पर चालू हुआ और न ही इमरजेंसी में रोशनी के लिए इनवर्टर की कोई वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध थी। इसी दौरान एक घायल किशोर का इलाज चल रहा था। इमरजेंसी में मौजूद स्टाफ को मजबूरन मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में उस किशोर के पैर में टांके लगाने पड़े। घायल किशोर के तीमारदार ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। रविवार रात करीब 12 बजे से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद लोग जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बिजली और वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी में गंभीर मरीजों का इलाज होता है। ऐसी स्थिति में, यदि बिजली जाने पर जनरेटर या इनवर्टर जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं काम नहीं करती हैं, तो मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वायरल वीडियो ने अस्पताल प्रशासन की तैयारियों पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। इस मामले पर जब जिला अस्पताल के सीएमएस बीसी सक्सेना से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि बिजली जाने पर जनरेटर समय से क्यों नहीं चला और इमरजेंसी में इनवर्टर या वैकल्पिक प्रकाश की व्यवस्था क्यों नहीं थी, इसकी जांच कराई जाएगी। यह सवाल बना हुआ है कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी जैसी महत्वपूर्ण जगह पर बिजली जाने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं थी और मोबाइल की रोशनी में घायल का इलाज करने की नौबत क्यों आई। इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे।
Source link
रामपुर जिला अस्पताल इमरजेंसी में बिजली गुल:जनरेटर-इन्वर्टर नहीं चला, मोबाइल टॉर्च से घायल किशोर को लगे टांके