![]()
संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर शुभचिंतकों की भारी भीड़ जमा रही। पुलिस के अनुसार, कुड़वा गांव निवासी संजय (30) पुत्र चंद्रिका और सोनू (35) पुत्र रामललित सोमवार को किसी काम से बाहर गए थे। देर रात करीब 11 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। रामजानकी मार्ग से कुड़वा मार्ग की ओर मुड़कर सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मलौली भेजा। वहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। मंगलवार सुबह उपचार के दौरान सोनू की भी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क के दूसरी ओर पलट गया था। ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है। धनघटा एसओ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
रामजानकी मार्ग पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:संतकबीर नगर में बाइक को टक्कर मारने के बाद पलटा ट्रक, चालक फरार