![]()
बरेली में रविवार देर रात हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव ने स्मार्ट सिटी परियोजना की तैयारियों की पोल खोल दी। लाल फाटक, किला, मढ़ीनाथ और पुराने शहर के कई हिस्सों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। जलभराव के बीच सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देने से लोग हादसों का शिकार होते रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। रात एक बजे शुरू हुई बारिश, मौसम हुआ सुहाना
बरेली में रविवार और सोमवार की रात करीब एक बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो काफी देर तक जारी रही। लगातार हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि बारिश थमने के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सुबह ऑफिस जाने वाले, स्कूल के बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लाल फाटक में जलभराव, गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे लोग
सबसे ज्यादा परेशानी लाल फाटक इलाके में देखने को मिली। यहां हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर गया। पानी भरने से सड़क के बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई नहीं दिए, जिसके चलते बाइक सवार, ई-रिक्शा और ऑटो चालक आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई ई-रिक्शा और ऑटो इन गड्ढों में फंसकर पलट चुके हैं। कई स्कूली बच्चे भी गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि कागजों में शहर स्मार्ट सिटी जरूर है, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। उनका कहना है कि नगर निगम से लेकर अन्य जिम्मेदार विभागों तक कई बार शिकायत की गई, यहां तक कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। किला, मढ़ीनाथ और पुराने शहर में भी जलभराव
बारिश का असर शहर के अन्य इलाकों में भी साफ दिखाई दिया। किला थाना क्षेत्र में किला फ्लाईओवर के पास तिलक इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर काफी पानी भर गया, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। इसके अलावा मढ़ीनाथ-सुभाष नगर पुलिया पर घुटनों तक पानी भरने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुराने शहर के कई मोहल्लों में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। मढ़ीनाथ शिव मंदिर परिसर और उसके आसपास भी पानी भर गया, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में परेशानी हो रही है। मानसून की दस्तक के बाद बदल गया मौसम
बरेली में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। 30 जून से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है और रोजाना कहीं न कहीं बारिश दर्ज की जा रही है। रविवार को भी सुबह से दोपहर तक घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। दोपहर बाद तेज धूप निकली, लेकिन देर शाम फिर मौसम बदला और आधी रात के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। आज भी तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 6 जुलाई को बरेली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने सुबह 10 बजे से दोपहर 5 बजे के बीच बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में निचले इलाकों में फिर से जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से जरूरत होने पर ही घर से निकलने और जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
Source link
रात में झमाझम बारिश, सुबह जलमग्न हुआ बरेली:लाल फाटक से किला तक पानी ही पानी, स्मार्ट सिटी के दावों पर उठे सवाल