राज्य ललित कला अकादमी अध्यक्ष ने की CM से भेंट:बुलंदशहर में कला संवर्धन पर चर्चा, पत्रिका का विमोचन और सुझाव दिए


राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा और सदस्य डॉ. दुर्जन सिंह राणा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान अकादमी द्वारा कला के संवर्धन हेतु किए जा रहे कार्यों और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। अकादमी द्वारा विगत एक वर्ष में कराए गए शिविरों, प्रदर्शनियों, प्रतियोगिताओं तथा प्रकाशित मोनोग्राफ व उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी के कैटलॉग का अवलोकन और विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर के प्रसिद्ध चित्रकार डॉ. दुर्जन सिंह राणा द्वारा संपादित राज्य ललित कला अकादमी की “कला त्रैमासिक पत्रिका: भारतीय ग्रंथों में कला दर्शन” का विमोचन अपने कर-कमलों से किया। उन्होंने पत्रिका के कुशल संपादन और संयोजन हेतु डॉ. राणा को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने आगामी कला त्रैमासिक अंक के प्रकाशन हेतु कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने भारतीय पौराणिक मंदिरों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों और किलों-खंडहरों में व्याप्त कला को प्रकाश में लाने हेतु एक अलग अंक प्रकाशित करने और चित्रांकन कार्य करने का मार्गदर्शन व निर्देश दिया। इस अवसर पर अकादमी के सदस्य और उत्कृष्ट कलाकार डॉ. दुर्जन सिंह राणा ने मुख्यमंत्री को उनका एक अत्यंत सजीव व्यक्तिचित्र (पोर्ट्रेट) सप्रेम भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कलाकृति के संयोजन और चित्र में दर्शाए गए भाव की प्रशंसा की। चित्र में चित्रित दो छोटे बछड़ों को देखकर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “यह हमारे गोलू भोलू हैं।” इस विशेष अवसर पर अकादमी के माननीय सदस्य डॉ. सुनील कुमार सिंह कुशवाहा, डॉ. दुर्जन सिंह राणा और डॉ. आभा भी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *