'रंग दे बसंती चोला' गाकर छात्रों ने जताया विरोध:आजाद जयंती पर दिशा छात्र संगठन की प्रतिवाद सभा, दिल्ली चलने का आह्वान


प्रयागराज में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर गुरुवार को दिशा छात्र संगठन और नौजवान भारत सभा ने आजाद पार्क में प्रतिवाद सभा आयोजित की। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने “मेरा रंग दे बसंती चोला” गीत गाकर और देशभक्ति के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा की शुरुआत “चंद्रशेखर आजाद तुम जिंदा हो हमारे संकल्पों में” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों से हुई। प्रदर्शनकारियों ने पटना (बिहार) और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। दिशा छात्र संगठन की प्रतिनिधि निधि ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद शोषण-मुक्त समाज का सपना देखते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में कई भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। निधि ने यह भी कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। नौजवान भारत सभा के प्रशांत ने कहा कि देशभर से दिल्ली पहुंचे छात्रों और युवाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखीं। हालांकि, उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ सख्ती बरती गई। प्रशांत ने छात्रों के इस आंदोलन को लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा बताया। प्रतिवाद सभा के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए और “मेरा रंग दे बसंती चोला” गीत गाते हुए शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे आजादी के सेनानियों के आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा, रोजगार और न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *