![]()
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के संस्थागत व व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने परीक्षा शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के लिए संशोधित समय-सारणी जारी की है। इसके साथ ही, सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्रों के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्य अब पात्र विद्यार्थियों से प्राप्त परीक्षा शुल्क को एकमुश्त चालान के माध्यम से 1 सितंबर 2026 तक कोषागार में जमा कर सकेंगे। शुल्क जमा करने के बाद चालान की सूचना और विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर 5 सितंबर की रात 12 बजे तक अपलोड किया जा सकेगा। ऑनलाइन विवरण अपलोड होने के बाद प्रधानाचार्यों को चेकलिस्ट डाउनलोड कर विद्यार्थियों के विवरण की जांच करनी होगी। इसमें नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय और फोटो सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। किसी भी त्रुटि की स्थिति में 6 से 11 सितंबर 2026 की रात 12 बजे तक संशोधन किया जा सकेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी नए विद्यार्थी का विवरण अपलोड नहीं किया जाएगा। पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली और कोषपत्र की प्रति संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में 30 सितंबर 2026 तक जमा करनी होगी। DIOS को विद्यालयों से यह प्रमाणपत्र भी लेना होगा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी आवेदन से वंचित नहीं रहा है। वहीं, कक्षा 9वीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 10 सितंबर 2026 की रात 12 बजे तक कर दी गई है। प्रति विद्यार्थी पंजीकरण शुल्क 50 रुपये निर्धारित है, जिसमें से 40 रुपये चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा होंगे और शेष 10 रुपये विद्यालय के खाते में रहेंगे। कक्षा 9वीं और 11वीं के विवरण की जांच 11 से 13 सितंबर तक की जा सकेगी, जबकि त्रुटियों में संशोधन 14 से 20 सितंबर तक किया जा सकेगा।
Source link
यूपी बोर्ड: परीक्षा शुल्क, पंजीकरण की तिथि बढ़ी:10वीं-12वीं के छात्र 1 सितंबर तक शुल्क, 9वीं-11वीं का पंजीकरण 10 सितंबर तक