यूपी बार काउंसिल चुनाव: प्रथम चरण मतगणना पूरी:4 महीने चली, अनुराग पाण्डेय शीर्ष पर, प्रशांत सिंह अटल दूसरे


प्रयागराज में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सामान्य चुनाव 2025-26 के प्रथम चरण की मतगणना शनिवार को संपन्न हो गई। लगभग चार माह से अधिक समय तक चली इस प्रक्रिया के बाद वाराणसी की मतगणना पूरी होने के साथ ही प्रथम वरीयता के सभी मतों की गिनती का कार्य समाप्त हो गया। अब निर्वाचन प्रक्रिया के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चुनाव में कुल 1,94,922 मत डाले गए थे। जांच के उपरांत इनमें से 1,84,270 मत वैध पाए गए, जबकि शेष मत विभिन्न कारणों से अवैध घोषित किए गए। प्रदेश के सभी जनपद न्यायालयों और बाह्य न्यायालयों से प्राप्त मतपत्रों की वर्णक्रमानुसार गिनती की गई। प्रथम चरण की मतगणना में कानपुर नगर के अनुराग पाण्डेय ने सर्वाधिक 4,504 प्रथम वरीयता मत प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर लखनऊ के प्रशान्त सिंह अटल रहे, जिन्हें 4,271 मत मिले। बुलंदशहर के शिवकिशोर गौड़ 3,782 मतों के साथ तीसरे और प्रयागराज के देवेंद्र मिश्र नगरहा 3,701 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त, बरेली के श्रीश कुमार मेहरोत्रा को 3,434, प्रयागराज के अजय यादव को 2,999, पांचू राम मौर्य को 2,991, इमरान माबूद खान को 2,920, लखनऊ के जानकी शरण पाण्डेय को 2,849 तथा गोंडा के अजय शंकर श्रीवास्तव को 2,643 प्रथम वरीयता मत प्राप्त हुए। ये सभी उम्मीदवार प्रथम चरण की मतगणना में शीर्ष दस स्थानों पर शामिल रहे। बार काउंसिल चुनाव प्रदेश के अधिवक्ताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी चुनाव के माध्यम से परिषद के सदस्य चुने जाते हैं। यह चुनाव बहु-वरीयता मतदान प्रणाली के आधार पर संपन्न होता है। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद, अब अगले चरण में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतों का स्थानांतरण और आगे की गणना की जाएगी। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, द्वितीय चरण की मतगणना जल्द ही निर्वाचन अधिकारी और पर्यवेक्षक की निगरानी में कराई जाएगी। अधिवक्ताओं की नजर अब दूसरे चरण की मतगणना पर टिकी है, जिसके बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी तथा विजयी उम्मीदवारों का अंतिम फैसला सामने आएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *