“युवा धर्म संसद-2026” पोस्टर का अनावरण:BHU के विश्वनाथ मंदिर परिसर में आयोजन, MP में 17 से 19 सितंबर तक होगा युवा धर्म संसद


वाराणसी में बीएचयू कैंपस में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में आगामी “युवा धर्म संसद–2026” के पोस्टर का गुरुवार को अनावरण हुआ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डॉ. हरेंद्र राय की उपस्थिति में सेवाज्ञ संस्थानम् के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की विशेष सहभागिता के बीच यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान सेवाज्ञ संस्थानम् के संरक्षक आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण महाराज द्वारा आगामी युवा धर्म संसद–2026 के लिए पंजीकरण लिंक एवं क्यूआर कोड औपचारिक रूप से जारी किया गया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और राष्ट्रचेतना के संवाहक के रूप में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा युवा धर्म संसद इसी उद्देश्य को लेकर देशभर के युवाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रही है। “युवा धर्म संसद–2026” का आयोजन इस वर्ष मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन (अवंतिका) में 17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो उद्बोधन की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय विचारों के प्रति युवाओं को जागरूक करना है। 2000 से ज्यादा युवाओं के बीच होगा संवाद तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से विद्वान, शिक्षाविद, संत-महात्मा एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन अपने विचार रखेंगे तथा लगभग 2000 से अधिक युवाओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्र, संस्कृति, शिक्षा, अध्यात्म, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *