![]()
सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के नैपालापुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे एक 25 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विकास (25) पुत्र गोपेश्वर, निवासी नैपालापुर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर विकास और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई। बताया जा रहा है कि पत्नी के चले जाने से विकास मानसिक रूप से परेशान हो गया। दोपहर करीब 4 बजे विकास घर के अंदर चला गया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो विकास का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से पूछताछ कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाई:पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी, तनाव में चल रहा था