मौलाना मेराज अहमद की 11वीं पुण्यतिथि:बाराबंकी में सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा हुई आयोजित


बाराबंकी में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय मौलाना मेराज अहमद की 11वीं पुण्यतिथि मनाई गई। जिला पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव हिमांशु यादव ने किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौलाना मेराज अहमद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि मौलाना मेराज अहमद में सामान्य कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। उनका अध्यक्षीय कार्यकाल सफल और स्वर्णिम रहा, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए संघर्ष किया। गोप ने आगे कहा कि मौलाना मेराज अहमद ने पार्टी सिद्धांतों के अनुरूप बूथ स्तर पर रणनीति बनाकर संगठन को मजबूत किया। उनके नेतृत्व में वर्ष 2012 में जिले की सभी विधानसभा सीटों पर सपा को ऐतिहासिक जीत मिली थी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए मौलाना साहब की कार्यशैली और संगठनात्मक रणनीति को अपनाने पर जोर दिया। पूर्व मंत्री राकेश वर्मा ने बताया कि मौलाना साहब कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे और संगठन हित में कठोर निर्णय लेने से भी नहीं हिचकिचाते थे। सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव और विधायक गौरव रावत ने भी मौलाना मेराज अहमद को संघर्षशील, कर्मठ और पार्टी का मजबूत स्तंभ बताते हुए श्रद्धांजलि दी। जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से ही उन्हें पार्टी के विस्तार और मजबूती के लिए संघर्ष करते देखा है। उन्होंने कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलते हुए संगठन को मजबूत करना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी, पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय मौलाना मेराज अहमद के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *