![]()
बरेली में मोहर्रम के पर्व को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जीआईसी ऑडिटोरियम में डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक बुलाई गई। इस दौरान डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर पूरी मुस्तैदी रखें और किसी भी छोटी घटना को बड़े विवाद में बदलने से पहले ही रोकें। ऊंचाई पर विशेष निगरानी और सतर्कता
बैठक में सबसे अहम निर्देश ताजियों की ऊंचाई को लेकर दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के जुलूस में कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं होगी और ताजियों की ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक कतई नहीं होनी चाहिए। यह आदेश हर ताजियेदार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्थानीय अधिकारियों को सौंपी गई है। साथ ही, जुलूस के साथ विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम का रहना अनिवार्य कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। जुलूस मार्ग की कमियां होंगी दूर
शहर और ग्रामीण इलाकों के निवासियों ने जुलूस के रास्तों में बिजली के लटकते तारों, गड्ढों और जलभराव की समस्याएं उठाईं। इस पर डीएम ने संबंधित विभागों को फटकार लगाते हुए मोहर्रम से पहले सभी रास्तों को दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन रास्तों से जुलूस निकलेगा, वहां के गड्ढे भरे जाएं, बिजली के तारों को ऊंचा किया जाए और पेड़ों की लटकती हुई टहनियों को समय रहते छांट दिया जाए ताकि ताजिये के संपर्क में आने से कोई दुर्घटना न हो। ड्रोन से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक नगर और दक्षिणी ने भी सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। पुलिस टीमों को हिदायत दी गई है कि वे जुलूस शुरू होने से दो घंटे पहले ही निर्धारित मार्गों का निरीक्षण करें। सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल करने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसके अलावा, ताजियों के साथ चलने वाले अलम (झंडों) की ऊंचाई को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वे कहीं भी बिजली के खंभों या ट्रांसफार्मर के संपर्क में न आएं। युवाओं को दी गई खास हिदायत
प्रशासन ने बैठक में शामिल गणमान्य नागरिकों के माध्यम से युवाओं को भी सख्त हिदायत भेजने को कहा है। डीएम ने कहा कि नई उम्र के युवाओं को यह समझना होगा कि वे माहौल खराब न करें। प्रशासन का पूरा जोर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने पर है। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा सहित तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
मोहर्रम पर प्रशासन सख्त, नई परंपराओं पर लगाई पूर्ण रोक:12 फीट से ऊंचे नहीं होंगे ताजिये, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कसी कमर