![]()
अयोध्या। रामनगरी के प्राचीन एवं सिद्धपीठों में शुमार मोतीहारी मंदिर में भगवान श्रीसीताराम का वार्षिक उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा बड़ी संख्या में संत-महंत, धर्माचार्य और श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वार्षिक उत्सव का संयोजन मंदिर के वर्तमान महंत राम प्रवेश दास ने किया, जबकि आयोजन की व्यवस्थाओं की देखरेख मंदिर से जुड़ी ममता जी द्वारा की गई। उत्सव के दौरान मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान श्रीसीताराम का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंचामृत, फलों के रस तथा सुगंधित सर्व औषधियों से भव्य अभिषेक किया गया। इसके उपरांत भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराकर आकर्षक एवं दिव्य श्रृंगार किया गया।
श्रृंगार के बाद युगल सरकार को फल, मिष्ठान और विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान की भव्य आरती उतारी गई। आरती के समय पूरा मंदिर “सीताराम” और “जय श्रीराम” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित संत-महंतों, धर्माचार्यों एवं भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर महंत राम प्रवेश दास ने पधारे हुए संत-महंतों एवं धर्माचार्यों का स्वागत-सत्कार कर उन्हें भेंट एवं विदाई प्रदान की। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी तिथि अनुसार भगवान श्रीसीताराम का वार्षिक उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि यह परंपरा पूर्वाचार्यों के समय से निरंतर चली आ रही है, जिसे वह पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
Source link
मोतीहारी मंदिर में भगवान श्रीसीताराम का वार्षिक उत्सव मनाया गया:पंचामृत, फलों के रस, सुगंधित औषधियों से भव्य अभिषेक-श्रृंगार हुआ