![]()
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर-ओदार स्थित पेट्रोल पंप के पास राजातालाब-जंसा मार्ग पर शनिवार रात करीब 9.30 बजे तेज रफ्तार मैजिक वाहन और बुलेट बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए हाईवे स्थित हेरिटेज अस्पताल पहुंचाया। जहाँ 10 बजे के करीब चिकित्सकों ने बीरभानपुर निवासी जमाल (26 वर्ष) और शाहिद (20 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे युवक मोहम्मद आमिर (20 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
मैजिक वाहन राजातालाब से जंसा की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान बीरभानपुर-ओदार गांव के सामने पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बुलेट से उसकी सीधी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम पसरा है और बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Source link
मैजिक की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत:वाराणसी के राजातालाब-जंसा मार्ग पर हादसे में 1 गम्भीर, परिवार में कोहराम