मेरठ में मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की तैयारी:बिना अनुमति प्रदर्शन की सूचना पर पांच गिरफ्तार


मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने की तैयारी के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कचहरी परिसर में शनिवार शाम को की गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बृहस्पतिवार को भी पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को सिविल लाइन थाना पुलिस कचहरी चौकी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि समाजवादी अधिवक्ता सभा से जुड़े कुछ लोग बिना प्रशासनिक अनुमति के मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और संभावित विवाद तथा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रस्तावित प्रदर्शन से क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की संभावना थी। शनिवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गौरव खन्ना (पुत्र डीबी खन्ना, निवासी जागृति विहार, थाना मेडिकल), अनिल वर्मा (पुत्र रामचंद वर्मा, निवासी शास्त्रीनगर, थाना मेडिकल), विशाल मौरिन (पुत्र बिजेंद्र सिंह, निवासी किनौनी, थाना रोहटा), उदयवीर सिंह (पुत्र बलजोर सिंह, निवासी तुलसी कॉलोनी, थाना कंकरखेड़ा) और सुखबीर सिंह (पुत्र स्वर्गीय समय सिंह, निवासी पूठखास, थाना रोहटा) शामिल हैं। सिविल लाइन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति ऐसी गतिविधियां, जिनसे शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो, बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *