मेरठ में भाजपा के पार्षद को कुत्ते ने काटा:पैर पर तीन जगह किया हमला, निगम में शिकायत के बाद भी नहीं पहुंची टीम


मेरठ नगर निगम के वार्ड-39 के भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता उर्फ काले पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। पार्षद ब्रह्मपुरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान कुत्ते ने उनके दाएं पैर पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने पैर को तीन जगह से नोच दिया, जिससे पार्षद लहूलुहान हो गए। उनके चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर नाराजगी जताई। पार्षद के मुताबिक, घटना के करीब 30 मिनट बाद नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने फोन कर उनका हाल जाना। नगर आयुक्त ने कुत्तों को पकड़ने के लिए टीम भेजने की बात कही, लेकिन काफी देर तक निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे पार्षद और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पार्षद बोले- लगातार बढ़ रही कुत्तों की संख्या पार्षद राजीव गुप्ता ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आए दिन लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी व एंटी रैबीज टीकाकरण कराने की व्यवस्था प्रभावी करने की मांग की। एबीसी सेंटर की क्षमता के बावजूद समस्या बरकरार नगर निगम ने एनएच-58 स्थित शंकरनगर में पहले एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर बनाया था। यहां प्रतिदिन करीब 100 कुत्तों की नसबंदी और एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने की क्षमता बताई गई थी। बाद में हापुड़ रोड स्थित तिरंगा गेट के पास करीब 200 कुत्तों की क्षमता वाला नया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर बनाया गया और पुराने सेंटर को बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नए सेंटर पर भी पर्याप्त संख्या में आवारा कुत्ते नहीं पहुंच रहे हैं। शहर में आवारा कुत्तों की संख्या करीब 1.50 लाख से अधिक बताई जाती है। ऐसे में नसबंदी और टीकाकरण की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पार्षद का कहना है कि ब्रह्मपुरी सहित शहर के कई इलाकों में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है और निगम को इस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *