मेरठ में बेकरी से दिनदहाड़े चोरी, किशोर CCTV में कैद:एक महीने में 10 से अधिक दुकानों को बनाया निशाना


मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-1 में लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है। शनिवार को क्षेत्र की एक बेकरी से दिनदहाड़े नकदी चोरी हो गई। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक किशोर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। माधवपुरम सेक्टर-1 स्थित रोहिल्ला बेकर्स के संचालक ने बताया कि शनिवार सुबह वे दुकान की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वे कुछ मिनट के लिए दुकान के ऊपर बने अपने मकान में पानी लेने चले गए। इसी बीच एक नाबालिग दुकान में दाखिल हुआ और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब एक ग्राहक सामान खरीदने पहुंचा, तब दुकान संचालक ने खुले पैसे देने के लिए गल्ला खोला। गल्ला खाली मिलने पर नकदी गायब होने का पता चला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर एक किशोर दुकान में घुसते और बाहर निकलते हुए दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं और अब तक 10 से अधिक दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है। उनका कहना है कि नाबालिग होने का फायदा उठाकर आरोपी बेखौफ तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ित व्यापारी ने ब्रह्मपुरी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे। उन्होंने थाना पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कंबोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *