![]()
मेरठ में सीएम ग्रिड योजना के तहत आठ प्रमुख सड़कों का निर्माण चल रहा है। बारिश के बाद निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति खराब होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इनमें वेस्टर्न कचहरी रोड, रंगोली मंडप रोड और सर्किट हाउस से साकेत चौराहे की ओर जाने वाली सड़क समेत अन्य मार्ग अभी निर्माणाधीन हैं। रविवार को हुई बारिश के बाद इन सड़कों पर हालात और बिगड़ गए। जगह-जगह कीचड़, गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वेस्टर्न कचहरी रोड पर सबसे ज्यादा परेशानी
वेस्टर्न कचहरी रोड पर निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे और बीच में मिट्टी के ढेर पड़े हैं। बारिश के बाद यही मिट्टी पानी में मिलकर पूरी सड़क पर कीचड़ में बदल गई। सड़क पर फिसलन इतनी बढ़ गई कि दोपहिया वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ा। कई बाइक सवार फिसलकर चोटिल भी हुए। रंगोली मंडप रोड पर गड्ढों में भरा पानी
रंगोली मंडप की ओर जाने वाली निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर गया। पानी के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हुए। यहां भी दिनभर लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सर्किट हाउस-साकेत मार्ग पर भी निर्माण जारी
सर्किट हाउस से साकेत चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर भी निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के बाद यहां भी कई स्थानों पर पानी और कीचड़ जमा हो गया। शहर के प्रमुख मार्ग होने के कारण इस रास्ते से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, ऐसे में निर्माण के दौरान उचित इंतजाम नहीं होने से यातायात प्रभावित हुआ। बारिश में बढ़ी निर्माण कार्य की चुनौती
सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर बनाने के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हालांकि, बारिश के दौरान निर्माणाधीन हिस्सों में जल निकासी और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी को बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से निपटने के लिए तत्काल व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि हादसे रोके जा सकें।
Source link
मेरठ में बारिश के बाद सीएम ग्रिड योजना बनी मुसीबत:निर्माणाधीन सड़कों पर कीचड़, गड्ढों में भरा पानी; बाइक सवार चोटिल