मेरठ में बस की टक्कर से युवक की मौत:ड्राइवर फरार, पीछे से मारी थी रोडवेज बस ने टक्कर


मेरठ के बेगमपुल पर रविवार रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। भैंसाली बस अड्डे की ओर पैदल जा रहे युवक को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस और राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर बस और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान राजू (झुनझुनी, बहसूमा निवासी) के रूप में हुई है। वह परीक्षितगढ़ के ऐंची गांव निवासी अपनी बुआ ममता देवी के साथ रहता था। राजू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। ममता देवी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे राजू बेगमपुल से भैंसाली बस अड्डे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सोहराब गेट डिपो की एक रोडवेज बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजू सड़क पर गिर गया और बस उसे कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। गंभीर हालत में राजू को जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी ममता देवी को दी। जब वह अस्पताल पहुंचीं, तब तक राजू की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। ममता देवी की तहरीर के आधार पर सदर बाजार थाने में बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब हादसे वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही सोहराब गेट डिपो की बसों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *