जालौन में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:डीएम और जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान


जालौन में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी और जिलाधिकारी समीर ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को संचारी रोग नियंत्रण की शपथ दिलाई। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, स्वच्छता और समय पर उपचार से इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में आशा, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। घर-घर पहुंचने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक सहयोग देकर उनके माध्यम से दी जा रही जानकारी को परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता और जलभराव पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने लोगों से दिमागी बुखार सहित संचारी रोगों से बचाव के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता और दस्तक अभियान में आशा व एएनएम कार्यकत्रियों का सहयोग करने की अपील की। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। लोगों को अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, गंदा पानी जमा न होने देने और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को समाप्त करने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाकर जांच और उपचार कराया जाए। समय पर उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक और दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर तक जिले में चलाया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *