मेरठ में फौजी की पत्नी से 13.80 लाख की ठगी:विदेश से गिफ्ट भेजने के नाम पर साइबर ठगों ने फंसाया


मेरठ में एक फौजी की पत्नी साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने उन्हें विदेश से महंगा गिफ्ट और ज्वैलरी भेजने का झांसा देकर 13.80 लाख रुपये ठग लिए। महिला ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीपीनगर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति फौज में हैं और जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। महिला के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को विदेश में रहने वाला पति का परिचित बताया। उसने कहा कि उसने महिला के लिए कीमती सामान और ज्वैलरी से भरा एक पार्सल भेजा है। कुछ देर बाद, एक दूसरे व्यक्ति ने खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर महिला से संपर्क किया। उसने पार्सल छुड़ाने के लिए टैक्स, कस्टम ड्यूटी और अन्य शुल्क जमा कराने की बात कही। ठगों ने महिला को बताया कि पार्सल में महंगे मोबाइल फोन, सोना, हीरे और विदेशी करेंसी मौजूद है। ठगों के झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग खातों में कई बार में कुल 13.80 लाख रुपये जमा करा दिए। काफी समय तक पार्सल नहीं मिलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *