मेरठ में गैस सिलेंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं ने किया:सड़क पर सिलेंडर रखकर लगाया जाम, यातायात प्रभावित


मेरठ के सूरजकुंड क्षेत्र स्थित सविता गैस एजेंसी पर गुरुवार को उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर न मिलने के विरोध में सड़क पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं का आरोप था कि उन्होंने कई दिन पहले गैस सिलेंडर बुक कराए थे, लेकिन एजेंसी द्वारा समय पर आपूर्ति नहीं की जा रही थी। उपभोक्ताओं ने बताया कि बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा था। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने एजेंसी के बाहर सड़क पर खाली और भरे सिलेंडर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और काफी देर तक बातचीत के बाद उन्हें शांत कराया गया। इसके बाद सड़क से सिलेंडर हटाकर यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि गैस आपूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन करेंगे। वहीं, एजेंसी कर्मचारियों ने बताया कि आपूर्ति प्रभावित होने के कारण वितरण में समस्या आ रही है। पुलिस ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *