मेरठ में ई-रिक्शा टक्कर विवाद में डिलीवरी मैन-भाई पर हमला:मामूली कहासुनी के बाद परिवार संग पहुंचे आरोपियों ने पीटा


मेरठ के जयदेवीनगर में रविवार को एक ई-रिक्शा की टक्कर का विरोध करने पर गैस एजेंसी के डिलीवरी मैन और उसके भाई पर हमला किया गया। मारपीट में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नौचंदी थाना क्षेत्र के जयदेवीनगर निवासी सुशील कुमार शर्मा मोहन गैस एजेंसी में डिलीवरी मैन हैं। सुशील के अनुसार, रविवार दोपहर वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक गिर गई। सुशील ने इसका विरोध किया तो ई-रिक्शा चालक से कहासुनी हो गई। आसपास के लोगों ने मामला शांत कराया और चालक वहां से चला गया। आरोप है कि विवाद के कुछ घंटे बाद, शाम को वही युवक अपने दो भाइयों और तीन महिलाओं के साथ सुशील की दुकान पर पहुंचा। आते ही सभी ने सुशील के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों पर दुकान से सामान उठाने का भी आरोप है। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की जानकारी मिलने पर सुशील का भाई मोनू मौके पर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने मोनू को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। इस हमले में दोनों भाइयों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सुशील की शिकायत पर नौचंदी थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े लोगों की पहचान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *