![]()
मेरठ में बुधवार की सुबह आसमान में छाए बादलों के साथ हुई। बीते दिन दोपहर बाद हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को कुछ देर के लिए तो राहत दी लेकिन हवा में नमी अधिक रहने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का भी एहसास होता रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले पांच दिनों तक भी मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक डॉ यूपी शाही का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा, हालांकि उमस पूरी तरह खत्म होने की संभावना फिलहाल नहीं है। जुलाई में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड जुलाई के दौरान मेरठ में इस बार मानसून पूरी तरह मेहरबान रहा। बीते महीने कुल 585 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से काफी अधिक है। लगातार हुई बारिश से जहां जलभराव और यातायात प्रभावित रहा, वहीं किसानों को भी इसका लाभ मिला। हालांकि जुलाई की बारिश ने मेरठ में बीते 24 वर्षों का रिकॉर्ड भी तोड़ा है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि बुधवार को भी मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Source link
मेरठ में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना:हवा में नमी बढ़ने से चिपचिपी गर्मी और उमस से परेशान लोग