![]()
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोहटा ब्लॉक के घसौली गांव में शनिवार को अमर शहीद मेजर शुभम सैनी की स्मृति में जिला पंचायत द्वारा निर्मित स्मृति द्वार का उद्घाटन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने फीता काटकर द्वार का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान गांव देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्मृति द्वार के उद्घाटन के बाद शहीद मेजर शुभम सैनी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। लोगों ने स्मृति द्वार पर पुष्प अर्पित कर वीर सपूत के बलिदान को नमन किया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर देश के सभी वीर शहीदों और बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि शहीद मेजर शुभम सैनी की स्मृति में बनाया गया यह द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, साहस और देशभक्ति की याद दिलाता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर गौरव चौधरी ने शहीद मेजर शुभम सैनी के पिता सत्यवीर सैनी, भाई तुषार सैनी, माता और बहन से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने शहीद परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान बिजेंद्र प्रमुख, नीरज शर्मा फौजी, राम भरोसे, कैप्टन सुभाष, अमित सैनी, चिनू शर्मा, महिपाल चौधरी, कमल सैनी, प्रताप लोहिया, अंकित मोटला, कैप्टन अहलकार सिंह, विजित तालियान, प्रदीप प्रधान घसौली, अशोक सैनी, लक्की सैनी, राजपाल सैनी, गजेंद्र सिंह, पार्षद जय सिंह चौधरी, डेविड सिंह, दर्शन वर्मा, कैप्टन सुबोध कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
मेरठ के शहीद की स्मृति में बने द्वार का उदघाटन:स्वतंत्रता दिवस पर मेजर शुभम सैनी को याद कर घसौली में गूंजे देशभक्ति के नारे