![]()
देवरिया के महर्षि देवरहवा मेडिकल कॉलेज में रविवार शाम करीब 5 बजे सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल में कर्मचारियों के बीच सतर्कता बढ़ गई। निरीक्षण की शुरुआत सर्जिकल वार्ड से हुई, जहां एक एमपीडब्ल्यू बिना यूनिफॉर्म के ड्यूटी पर मिला। सीएमएस ने इस पर नाराजगी व्यक्त की और कर्मचारी को फटकार लगाते हुए भविष्य में निर्धारित यूनिफॉर्म में ही ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने वार्ड में तैनात चिकित्सकों की उपस्थिति जांची। ड्यूटी पर मौजूद जूनियर रेजिडेंट डॉ. नितिन यादव अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमएस ने तत्काल नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। सीएमएस ने पुरुष सर्जिकल, महिला मेडिकल, पुरुष मेडिकल ए वार्ड और ऑर्थोपेडिक्स (पुरुष व महिला) सहित कई अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के बेड पर जाकर उनके इलाज की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण में कुछ अन्य चिकित्सक भी अनुपस्थित मिले, जबकि कई कर्मचारी बिना निर्धारित ड्रेस कोड के कार्य कर रहे थे। सीएमएस ने सभी संबंधितों से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने पैरामेडिकल स्टाफ को ड्यूटी के दौरान यूनिफॉर्म और आई-कार्ड अनिवार्य रूप से पहनने की सख्त हिदायत दी। डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है। कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
मेडिकल कॉलेज में सीएमएस का औचक निरीक्षण:ड्यूटी से नदारद डॉक्टर को नोटिस, बिना यूनिफॉर्म कर्मचारियों को फटकार