![]()
देवरिया जिले के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार रात सड़क हादसे के बाद इलाज के लिए पहुंचे दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे से इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। यह घटना रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे से जुड़ी है। शनिवार रात करीब नौ बजे किशुनपाली गांव निवासी राजकुमार (40) साइकिल से घर लौट रहे थे। बेलवनिया मोड़ के पास उनकी टक्कर भलुअनी थाना क्षेत्र के मरहवा गांव निवासी विशाल (22) की बाइक से हो गई। इस हादसे में राजकुमार और विशाल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए। इसी दौरान घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इमरजेंसी वार्ड के भीतर अचानक हुई इस मारपीट से वहां मौजूद मरीज और उनके तीमारदार दहशत में आ गए। मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने विवाद को शांत करने और लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन हंगामा बढ़ता गया। लगभग आधे घंटे तक इमरजेंसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को संभाला और शांत कराया। इसके बाद घायलों का इलाज शुरू हो सका। घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल और सीएमएस डॉ. के. मिश्रा ने इमरजेंसी का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। सीएमएस डॉ. के. मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और इस संबंध में सुरक्षाकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
Source link
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भिड़े दो पक्ष:सड़क हादसे में घायल होने पर पहुंचे थे, आधे घंटे चला हंगामा