मूकबधिर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी पर केस दर्ज:आरोपी फुरकान फरार, पुलिस तलाश में जुटी


रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में एक मूकबधिर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक फुरकान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना 19 मार्च 2026 की बताई जा रही है, जब आरोपी ने नाबालिग को घर में अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। आरोपी फुरकान घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने जानकारी दी कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़िता मूकबधिर है, इसलिए आवश्यकता पड़ने पर इंटरप्रेटर की सहायता से उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण हो चुका है और सोमवार को उसके बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाने की संभावना है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और स्थानीय लोग पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह अभी तक पकड़ से बाहर है। उल्लेखनीय है कि लगभग 11 माह पूर्व शाहबाद क्षेत्र में भी इसी तरह का एक मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस मामले में भी लोगों को पुलिस की तत्परता से कार्रवाई का इंतजार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *