![]()
फिरोजाबाद में नारखी थाना पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके तीसरे साथी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ अरुण चौरसिया ने बताया कि नारखी और मक्खनपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में वांछित बदमाश चोरी का माल बेचने के लिए बाइक से जा रहे थे। सूचना पर पुलिस टीम ने जलेसर पुल सर्विस रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा पुत्र घनश्याम और मिथुन पुत्र वेदप्रकाश, निवासी केरावली, थाना करहल, मैनपुरी, के पैर में गोली लगी।
वहीं, तीसरा आरोपी अंशू पुत्र घनश्याम भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चेन, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब, तीन करधनी, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स और 10,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो तमंचे 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी नारखी और मक्खनपुर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों में वांछित थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार, अनुज उर्फ अनूप पर विभिन्न जनपदों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, बरामदगी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। अनुज और मिथुन की गिरफ्तारी पर एसएसपी फिरोजाबाद की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 18 मार्च 2026 को नारखी क्षेत्र के हरीनगर लदपुरा में घर का ताला तोड़कर हुई चोरी और 20 अगस्त को मक्खनपुर क्षेत्र के राजपुर बलाई में हुई चोरी के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। कार्रवाई में नारखी थाना प्रभारी राकेश कुमार गिरी, एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार, मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा सहित पुलिस टीम शामिल रही। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
मुठभेड़ में दो इनामी बदमाशों को गोली लगी:फिरोजाबाद में तीसरे साथी ने किया आत्मसमर्पण, चोरी के मामले में वांछित थे