मुजफ्फरनगर में अवैध मिट्टी खनन जारी:जौली रोड पर रात-दिन दौड़ रहीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, विभाग करेगा कार्रवाई


मुजफ्फरनगर में जौली रोड के आसपास के इलाकों में अवैध मिट्टी खनन जोरों पर है। यहां रात-दिन मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दौड़ती देखी जा रही हैं, जिससे कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। खनन माफिया आसपास के क्षेत्रों से मिट्टी खोदकर शहरी इलाकों में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इस गतिविधि से पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है। स्थानीय निवासियों और किसानों ने खनन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, लेकिन कोई प्रभावी रोक नहीं लगाई गई। किसानों के अनुसार, मिट्टी खोदने से खेतों में गड्ढे बन गए हैं, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। तेज गति से गुजरने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। किसानों का यह भी कहना है कि इस अवैध खनन से उनकी जमीन बंजर हो रही है और भूजल स्तर गिर रहा है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) और खनन विभाग से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है। जिला खनन अधिकारी आशुतोष ने इस संबंध में बताया कि उनकी टीम समय-समय पर कार्रवाई करती रहती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जौली रोड पर भी योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *