मिर्जापुर में दो निजी औद्योगिक पार्कों को मंजूरी:मड़िहान और सदर में होगा निर्माण, मिलेगा करोड़ों का ऋण


विश्व प्रसिद्ध हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए पहचान रखने वाला मिर्जापुर अब औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने जिले में दो निजी औद्योगिक पार्कों के विकास को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं को गति देने के लिए एक प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर करोड़ों रुपये का ऋण भी स्वीकृत किया गया है। इससे जिले में निवेश बढ़ने, नए उद्योग स्थापित होने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि सदर तहसील के टांगा गांव में 11.014 एकड़ भूमि पर मेसर्स विंध्य इंडस्ट्रियल प्लेज पार्क द्वारा निजी औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। वहीं, मड़िहान तहसील के देवरीकलां गांव में 12.031 एकड़ भूमि पर प्रताप चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दूसरा निजी औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए शासन ने वित्तीय सहायता प्रदान की है। विंध्य इंडस्ट्रियल प्लेज पार्क को 5.50 करोड़ रुपये तथा प्रताप चेरिटेबल ट्रस्ट को 6.01 करोड़ रुपये का ऋण मात्र एक प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर स्वीकृत किया गया है। इससे दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है।
उपायुक्त के अनुसार, टांगा औद्योगिक पार्क में 21 और देवरीकलां औद्योगिक पार्क में 40 औद्योगिक भूखंड विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों में विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) इकाइयों के अलावा बिजनेस एवं शॉपिंग सेंटर, इन्क्यूबेशन सेंटर, स्वास्थ्य सेवाएं तथा संचार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पार्कों का विकास पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप किया जाएगा। संदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत नियमों में किए गए संशोधनों से निजी औद्योगिक पार्कों की स्थापना पहले की तुलना में अधिक सरल हो गई है। अब सात मीटर चौड़ी सड़क के किनारे भी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की अनुमति दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से मिर्जापुर की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी। साथ ही निवेश को बढ़ावा मिलने, नए उद्योग स्थापित होने और जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *