मिर्जापुर में अधिवक्ता हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैर में लगी गोली, प्रधानी चुनाव रंजिश में की थी हत्या


मिर्जापुर में अधिवक्ता राजीव सिंह की शनिवार सुबह हत्या के आरोपी राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा में शनिवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ा गया। मुठभेड़ में राजेंद्र सोनकर के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने बताया कि बरौधा तिराहे पर पुलिस टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागा। पीछा करने पर उसने पीएसी गेट के पास पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। यह मुठभेड़ आरोपी राजेंद्र सोनकर के डंगहर स्थित आवास से लगभग 300 मीटर दूर हुई। 6 तस्वीरें देखिए… शनिवार सुबह अधिवक्ता राजीव सिंह की उनके घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने सीने से सटाकर तमंचे से गोली मारी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हत्या के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल 5 टीमों का गठन किया था। इन टीमों ने 15 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी को खोज निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेंद्र सोनकर ने ग्राम प्रधानी चुनाव को लेकर मन में रंजिश के चलते अधिवक्ता राजीव सिंह की हत्या की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *