मालिक को बचाने के लिए कोबरा से भिड़ी फीमेल डॉग,VIDEO:25 सेकेंड लड़े दोनों, मुंह-पंजे पर डंक मारा; 8 मिनट में लैब्रा ने दम तोड़ा


हरियाणा के करनाल में एक पालतू फीमेल लैब्रा ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से भिड़कर अपनी जान दे दी। घर में सांप घुसता देख डॉग जिम्मी उस पर टूट पड़ी। इस दौरान कोबरा ने उसके मुंह और पंजे पर कई बार डंक मारे, लेकिन वह पीछे नहीं हटी और लगातार उससे लड़ती रही। करीब 25 सेकेंड तक चली इस लड़ाई के बाद सांप पास में जाकर छिप गया। वहीं, डंक का जहर फैलने से करीब 8 मिनट के भीतर जिम्मी की मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिम्मी के मालिक सुमित ठाकुर का कहना है कि अगर जिम्मी सांप से नहीं भिड़ती तो कोबरा घर के अंदर घुस सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। तस्वीरें में जिम्मी-कोबरा की लड़ाई देखें.. सिलसिलेवार जानिए पूरी घटना… सांप दिखते ही दौड़े जिम्मी-मैक्स रविवार शाम करीब 6 बजे निसिंग निवासी सुमित ठाकुर अपने दोनों पालतू लैब्रा जिम्मी और मैक्स को घुमाने के लिए बाहर निकल रहे थे। तभी घर के गेट से एक ब्लैक कोबरा सांप अंदर घुसता दिखाई दिया। इससे पहले कि सुमित कुछ समझ पाते, दोनों कुत्ते सांप की तरफ दौड़ पड़े। 25 सेकेंड तक जिम्मी लड़ती रही सुमित ने बताया कि सांप ने जैसे ही फन फैलाया, जिम्मी ने सबसे पहले उस पर हमला कर दिया। इस दौरान कोबरा ने उसके मुंह और पंजे पर डंक मार दिया। डंक लगने के बावजूद जिम्मी लगातार सांप से लड़ता रहा। वहीं दूसरा लैब्रा मैक्स भी सांप के आसपास घूमता रहा, ताकि वह आगे न बढ़ सके। करीब 25 सेकेंड तक दोनों लड़े। स्नेकमैन बुलाकर सांप पकड़वाया सुमित ने बताया कि करीब 8 मिनट के भीतर जिम्मी के शरीर में जहर फैल गया और उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान सांप पास की दीवार के किनारे जाकर छिप गया। उन्होंने तुरंत स्नेकमैन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्नेकमैन ने कोबरा को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। सुमित ने वेटनरी डॉक्टर को भी बुलाया, लेकिन डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही जिम्मी ने दम तोड़ दिया। IVF सेंटर चलाते हैं सुमित सुमित ठाकुर पेशे से डॉक्टर हैं और कुरुक्षेत्र में उनका इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) सेंटर है। उन्होंने बताया कि जिम्मी को करीब 9 साल पहले करनाल से लाए थे। वह परिवार का सदस्य बन चुका था। उसके खाने-पीने और रहने का पूरा ध्यान रखा जाता था। गर्मियों में उसके लिए एसी और कूलर, जबकि सर्दियों में हीटर की व्यवस्था रहती थी। तीनों बच्चों को जिम्मी-मैक्स से लगाव सुमित ने बताया कि मैक्स भी उनके साथ ही घर आया था। घर में तीन बच्चे हैं और तीनों का दोनों लैब्रा से खास लगाव था। दोनों कुत्ते डेरे की सुरक्षा भी करते थे और उनके रहते कोई भी अनजान व्यक्ति आसानी से अंदर नहीं आ सकता था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *