महोबा में 10 हजार के विवाद में किसान को गोली:दबंग पिता-पुत्र ने किया जानलेवा हमला, पेट में गोली फंसी, हालत गंभीर


महोबा में 10 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में एक किसान को गोली मार दी गई। मवेशी चराकर लौट रहे किसान पर पिता-पुत्र ने लाठी-डंडों से हमला किया और फिर फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली उनके पेट में जा लगी। घायल किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। यह घटना महोबा जनपद के चरखारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौरहरी गांव में बुधवार शाम को हुई। जानकारी के अनुसार, 56 वर्षीय किसान फूल सिंह राजपूत शाम के वक्त अपने मवेशी चराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के रामगोपाल राजपूत और उनके पुत्र राहुल ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने फूल सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। जब पीड़ित किसान ने इसका विरोध किया, तो पिता-पुत्र अपने घर से बंदूक और अवैध तमंचा निकाल लाए। आरोपी रामगोपाल ने अपनी बंदूक से फूल सिंह पर सीधा फायर किया, जो उनके पास से निकल गई। इसके बाद, राहुल ने अपने तमंचे से दूसरा फायर किया, जिसकी गोली सीधे फूल सिंह के पेट में जा लगी। गोली लगने से किसान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे गांव में दहशत फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर यतेंद्र पुरवार ने बताया कि एम्बुलेंस द्वारा लाए गए इस गनशॉट मरीज का आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं क्षेत्राधिकारीचरखारी दीपक दुबे ने बताया कि मामला पूरी तरह पुलिस के संज्ञान में है। घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और चिकित्सीय परीक्षण के साथ-साथ मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *