महोबा कजली मेले में पुलिस के सामने चले लात-घूंसे:मंगलसूत्र चोरी के विवाद पर मेला चौकी में भी मारपीट का वीडियो वायरल


महोबा के ऐतिहासिक कजली मेले के पहले दिन सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। मेला क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी में ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। मंगलसूत्र चोरी के विवाद से शुरू हुई यह झड़प मेला चौकी तक जा पहुंची, जहां पुलिसकर्मियों के सामने भी हंगामा जारी रहा। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऐतिहासिक कजली मेले का आगाज इस बार सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों के साथ हुआ था, लेकिन पहले ही दिन बेखौफ दबंगों ने पुलिस व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। मेला घूमने आई जनता के सामने ही सड़क पर दो पक्षों के बीच विवाद छिड़ गया। भीड़ तमाशबीन बनी रही और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर पूरी घटना देखते नजर आए। यह घटना दमोरा गांव की रहने वाली अंजलि के परिवार के साथ घटी। अंजलि अपनी बहन रोशनी और जीजा के साथ मेले का आनंद लेने आई थी। आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने उसकी बहन के गले से मंगलसूत्र चुरा लिया। जब पीड़िता ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा और विरोध किया, तो बात समझौते के बजाय मारपीट में बदल गई। दबंगों ने सरेराह गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा के बड़े दावों के बावजूद दोनों पक्ष पुलिसकर्मियों के सामने ही एक-दूसरे पर लात-घूंसे और चप्पल बरसाते रहे। पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने की कोशिश करते दिखे, लेकिन दबंगों में कानून का कोई खौफ नजर नहीं आया। एक पुलिसकर्मी से धक्कामुक्की भी की गई। विवाद इतना बढ़ा कि मेला चौकी के भीतर भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पीड़ित परिवार अब न्याय और अपना चोरी हुआ मंगलसूत्र वापस पाने के लिए भटक रहा है। हालांकि पुलिस लगातार मंगलसूत्र बरामद कराने का आश्वासन दे रही है, लेकिन सरेआम हुई इस घटना ने मेले में आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *