![]()
देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र में स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर के पोखर में डूबे एक युवक का शव बुधवार शाम करीब सात बजे पानी की सतह पर उतराता मिला। युवक मंगलवार को पोखरे में डूबा था। सूचना मिलने पर मईल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के फकईपुर गांव निवासी 36 वर्षीय राजेश सिंह पुत्र रमायन सिंह के रूप में हुई है। राजेश मंगलवार को किसी काम से महेंद्रनाथ मंदिर गए थे। मंदिर परिसर में स्थित पोखरे में हाथ-पैर धोने के लिए वह सीढ़ियों से पानी में उतरे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ ने मंगलवार देर शाम तक पोखरे में युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन शव का पता नहीं चल सका था। बुधवार शाम करीब सात बजे राजेश का शव पोखरे के किनारे पानी की सतह पर उतराता हुआ दिखाई दिया। मईल थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राजेश सिंह अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
महेंद्रनाथ मंदिर के तालाब में डूबे युवक का शव मिला:एनडीआरएफ कर रही थी तलाश, दूसरे दिन पानी में उतराता दिखा