महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:संतकबीरनगर में 24 घंटे में खुलासा, स्कूटी भी बरामद


संतकबीरनगर में कोतवाली खलीलाबाद और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने मुंडन संस्कार में शामिल होने आई एक महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। दोनों आरोपी गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इस खुलासे में सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 25 जून को गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के गोड़सरी निवासी सुमन निषाद अपने परिवार के साथ मगहर स्थित कबीर चौरा समाधि स्थल पर आयोजित पारिवारिक मुंडन संस्कार में शामिल होने आई थीं। समाधि स्थल से शिव मंदिर की ओर जाते समय स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुक्रवार को मिली सूचना के आधार पर कोतवाल जयप्रकाश दूबे और एंटी थेफ्ट की टीम ने अशरफाबाद-रसूलपुर मार्ग स्थित एक बागीचे के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अरुण कुमार और संजय कुमार, निवासी देवरिया सूरस, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें रुपयों की जरूरत थी, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। वे लूटे गए मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने दोनों आरोपियों की पहचान करते हुए बरामद मंगलसूत्र को अपना बताया। पुलिस ने स्कूटी सीज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मंगलसूत्र लूटकांड के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने कोतवाल जयप्रकाश दूबे, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह, एंटी थेफ्ट प्रभारी अभिमन्यु सिंह समेत इस अभियान में शामिल सभी पुलिसकर्मियों की सराहना की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *